सैदपुर : मिशन शक्ति के तहत कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने सीएचसी में जाना स्वास्थ्य सेवाओं का कामकाज, कोतवाली में महिलाओं का हुआ सम्मान





सैदपुर। महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 6.0 के तहत सैदपुर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा छह से 12वीं तक की छात्राओं ने पैदल मार्च निकालकर लोगों को जागरूक किया। इसके बाद छात्राओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। वहीं, सैदपुर कोतवाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की विभिन्न महिलाओं को सम्मानित कर मिशन शक्ति के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। विद्यालय की शिक्षिका नेहा यादव और संजू यादव के साथ छात्राएं सीएचसी पहुंचीं। जहां सीएचसी कर्मी सूरज रावत और दिग्विजय सिंह ने छात्राओं को अस्पताल के विभिन्न विभागों का भ्रमण कराया और वहां होने वाले कार्यों की जानकारी दी। छात्राओं को इमरजेंसी कक्ष, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, एक्सरे कक्ष, लेबर रूम और प्रयोगशाला सहित विभिन्न पटलों पर ले जाया गया। उन्हें बताया गया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किस विभाग में कौन-सी सुविधा उपलब्ध कराई जाती है और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में अलग-अलग विभागों की क्या भूमिका होती है। प्रयोगशाला में लैब टेक्नीशियन ने छात्राओं को जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि विभिन्न मशीनों की मदद से किस प्रकार की जांच की जाती है और मरीजों की बीमारी का पता लगाने में प्रयोगशाला की क्या भूमिका होती है। छात्राओं ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को समझा और विभिन्न विभागों के कामकाज की जानकारी प्राप्त की। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को केवल किताबी जानकारी तक सीमित रखने के बजाय उन्हें सार्वजनिक संस्थानों की कार्यप्रणाली से भी परिचित कराना रहा। सीएचसी के भ्रमण के बाद छात्राओं को मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिला सुरक्षा, अधिकारों और जागरूकता से संबंधित जानकारी दी गई। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर उचित सहायता लेने और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। इसी क्रम में सैदपुर कोतवाली में भी मिशन शक्ति के तहत सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र की विभिन्न महिलाएं शामिल हुईं। महिला सिपाही चांदनी व परवीन ने महिलाओं को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इसके बाद सभी को जलपान कराया गया और मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। मिशन शक्ति के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं और महिलाओं को जागरूक करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों को समझने तथा जरूरत के समय उपलब्ध सहायता और सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर क्राइम इंस्पेक्टर रामजसन यादव और उपनिरीक्षक विद्याधर तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : मंडल स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर, वाराणसी और जौनपुर के खिलाड़ियों का दबदबा, शुरू हुई दो दिवसीय प्रतियोगिता
अनौनी : लघुशंका के लिए निकले भाजपा बूथ अध्यक्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों का बुरा हाल >>