गाजीपुर : मंडल स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर, वाराणसी और जौनपुर के खिलाड़ियों का दबदबा, शुरू हुई दो दिवसीय प्रतियोगिता





गाजीपुर। शहर के छावनी लाइन स्थित नवीन स्टेडियम में सोमवार को 70वीं मंडल स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समारोहपूर्वक शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन माध्यमिक शिक्षा परिषद, वाराणसी के क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव भास्कर मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर और चंदौली के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों की दौड़, गोला प्रक्षेप, भाला फेंक और लंबी कूद प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके पूर्व बतौर मुख्य अतिथि भास्कर मिश्र ने उद्घाटन किया। इसके बाद बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद चारों जिलों से आए खिलाड़ियों की टीमों ने मार्चपास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। पिछले वर्ष के चैंपियन आदित्य यादव ने मशाल लेकर दौड़ पूरी की। समारोह में उपस्थित खिलाड़ियों, शिक्षकों और अतिथियों ने खेलकूद की शुचिता बनाए रखने तथा अनुशासन का पालन करने की शपथ ली। मुख्य अतिथि भास्कर मिश्र ने कहा कि एथलेटिक्स जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। इसी का परिणाम है कि गांवों से निकलने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण अंचलों की बालिकाएं भी खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर देश का गौरव बढ़ा रही हैं। इसके पीछे खेल के प्रति उनका समर्पण, मेहनत और लगन महत्वपूर्ण है। प्रतियोगिता की शुरुआत अंडर-19 बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ से हुई। अंडर-19 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में गाजीपुर के शुभम यादव, 800 और 3000 मीटर दौड़ में जौनपुर के शिवओम ने पहला स्थान हासिल किया। गोला प्रक्षेप में जौनपुर के शुभम कन्नौजिया, भाला फेंक में वाराणसी के सुमित कुमार और लंबी कूद में चंदौली के आलोक चौहान विजेता रहे। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में वाराणसी की काजल कुमारी, 800 मीटर दौड़ में आयुषी कुमारी और 3000 मीटर दौड़ में आयुषी पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोला प्रक्षेप में जौनपुर की काजल सिंह तथा लंबी कूद में वाराणसी की जगत नंदनी पटेल ने बाजी मारी। इसके अलावा अंडर-17 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में जौनपुर के सुजीत कुमार, 800 मीटर में गाजीपुर के अनिल बिंद और 3000 मीटर में गाजीपुर के आदित्य विजेता बने। गोला प्रक्षेप में गाजीपुर के विवेक यादव, भाला फेंक में जौनपुर के शिवम और लंबी कूद में वाराणसी के विकास कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-17 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में चंदौली की पलक यादव, 800 मीटर में जौनपुर की बिंदू पटेल और गोला प्रक्षेप में वाराणसी की सेजल यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में गाजीपुर के यशवीर प्रताप सिंह, 600 मीटर दौड़ में वाराणसी के शशांक यादव, गोला प्रक्षेप में वाराणसी के अमन पाल और लंबी कूद में गाजीपुर के कृष्णा प्रजापति विजेता रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग के गोला प्रक्षेप में जौनपुर की श्रेया पटेल और लंबी कूद में वाराणसी की आकांक्षा पाल ने पहला स्थान हासिल किया। इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह सहित सुदीप सिंह, सर्वेश सिंह, राजेश सिंह, अरुण कुमार, विजय शंकर राय, राकेश सिंह, कमरुद्दीन, रामप्रकाश आदि रहे। मुरलीधर राय, अंजनी सिंह, इश्लेश सिंह, रुद्रपाल यादव, तरुण सिंह, संजीव, हिमांशु सिंह, इंद्रजीत, लालबहादुर, रामपलट यादव, सुनील, अखंड राय, दिव्यांशु, सतीश सिंह, मनोज यादव, गौरव सिंह, इब्राहिम खान, उदय शर्मा, नेसार अहमद फैज, संजय यादव, रामाशीष यादव, महिमा मौर्या, संजय चौरसिया, चंद्रभूषण, सिनोद, राजेश यादव, रीना पांडेय, चेतना सिंह, अंकिता सिंह, कल्पना मिश्रा, अनीता उपाध्याय, श्वेता राय, आकाश पाठक, एमडी खान, संदीप सिंह समेत दर्जनों शारीरिक शिक्षकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। अंत में सिटी इंटर कॉलेज, गाजीपुर के प्रधानाचार्य दिनेश यादव और क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने संयुक्त रूप से आभार व्यक्त किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : एसपी से मिला भारतीय ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, ग्रामीण पत्रकारों की सुरक्षा और निष्पक्ष पत्रकारिता के माहौल पर हुई चर्चा
सैदपुर : मिशन शक्ति के तहत कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने सीएचसी में जाना स्वास्थ्य सेवाओं का कामकाज, कोतवाली में महिलाओं का हुआ सम्मान >>