वाराणसी : रेलवे कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए वाराणसी मंडल की पहल, कार्यशाला में डीआरएम ने किया जागरूक

वाराणसी। भारतीय रेलवे के कर्मचारियों को कार्यस्थल पर तनाव से मुक्त रखने और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को इंद्रप्रस्थ सामुदायिक भवन, न्यू लोको कॉलोनी में कार्यशाला आयोजित की गई। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से निजी अखबार व गंगाश्री हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित इस सेमिनार का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। ‘माइंड एट वर्क’ नामक इस पहल में अधिकारियों और कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव के कारणों तथा उनसे निपटने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। डीआरएम ने कहा कि आज के व्यस्त कार्य परिवेश में मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन का विशेष महत्व है। रेलवे कर्मचारी दिन-रात अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सुरक्षित और सुचारु रेल परिचालन सुनिश्चित करते हैं। ऐसे में उनका मानसिक रूप से स्वस्थ, सतर्क और एकाग्र रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल का वातावरण ऐसा होना चाहिए, जहां कर्मचारियों को सम्मान और सहयोग मिले तथा वे अपनी समस्याओं को बिना किसी झिझक के साझा कर सकें। कहा कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करना या जरूरत पड़ने पर सहायता लेना कमजोरी नहीं, बल्कि जागरूकता और समझदारी का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यशाला से अधिकारियों और कर्मचारियों को तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक उपायों को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही, उन्होंने अखबार व गंगाश्री हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। इससे पहले वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने कहा कि रेलवे कर्मचारी विभिन्न पालियों में 24 घंटे काम करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं। ऐसे में उनका मानसिक रूप से स्वस्थ और सकारात्मक रहना सुरक्षित रेल परिचालन के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर ऐसा माहौल बनाने की जरूरत है, जहां कर्मचारी अपनी परेशानियां साझा कर सकें और समय पर उचित सहयोग प्राप्त कर सकें। तनाव महसूस करना कमजोरी नहीं है, बल्कि समय रहते मदद लेना समझदारी है। उन्होंने कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व और तनाव के शारीरिक एवं मानसिक प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए इस तरह के आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया। अस्पताल के निदेशक एवं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप चौरसिया ने कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कार्यस्थल पर तनाव के प्रमुख कारणों, मानसिक संतुलन बनाए रखने, सकारात्मक सोच विकसित करने और तनावपूर्ण परिस्थितियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही कार्यस्थल पर सहयोगपूर्ण वातावरण विकसित करना आवश्यक है। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर अजय कुमार, मंडल कार्मिक अधिकारी दयाशंकर प्रसाद, प्रमुख संपादक विनोद शर्मा, विपणन प्रमुख संदीप सिंह आदि रहे। संचालन कार्यालय अधीक्षक अमन श्रीवास्तव व आभार वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने ज्ञापित किया।

