जखनियां : एलआईसी अभिकर्ताओं की लगी कार्यशाला, बीमा और पेंशन योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक





जखनियां। आम लोगों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने और भविष्य की जरूरतों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एलआईसी की सेटेलाइट शाखा में अभिकर्ताओं की कार्यशाला आयोजित की गई। शाखा प्रबंधक बृजेश कुमार पांडेय ने निगम की विभिन्न बीमा योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके लाभ और विशेषताओं से अभिकर्ताओं को अवगत कराया। उन्होंने योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। शाखा प्रबंधक ने जीवन धारा-2 पेंशन प्लान, हेल्थ चाइल्ड और कैंसर कवर सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य की आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समय रहते बीमा सुरक्षा और पेंशन की व्यवस्था करना जरूरी है। अभिकर्ताओं को चाहिए कि वे लोगों की जरूरतों और परिस्थितियों के अनुरूप योजनाओं की जानकारी दें, ताकि लोग अपने भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के लिए उचित निर्णय ले सकें। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के दौरान होने वाले आर्थिक बोझ के प्रति भी लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। कहा कि बीमारी के समय परिवार को उपचार के खर्च के साथ अन्य आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में बीमा योजनाओं की जानकारी लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। कहा कि एलआईसी की योजनाओं का उद्देश्य केवल बीमा व्यवसाय का विस्तार करना नहीं, बल्कि आम लोगों को आर्थिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है। अभिकर्ता निगम और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके प्रयासों से पेंशन, स्वास्थ्य सुरक्षा और गंभीर बीमारियों से संबंधित बीमा योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाई जा सकती है। इस मौके पर सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनीष कुमार नायक, मनोज कुमार वर्मा, नंदलाल चौहान, अशोक सिंह यादव, विनोद कुमार, मनोज कुमार, झुन्नू पांडेय आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : कांग्रेस की हुई बैठक, सरकार पर आरोप लगा लोकतंत्र और संविधान की मजबूती के लिए सत्ता परिवर्तन को बताया जरूरी
गाजीपुर : जन चौपाल में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, भाजपा नेताओं ने सुनीं क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं >>