जखनियां : कांग्रेस की हुई बैठक, सरकार पर आरोप लगा लोकतंत्र और संविधान की मजबूती के लिए सत्ता परिवर्तन को बताया जरूरी





जखनियां। कस्बे के शिव मंदिर परिसर में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें देश में लोकतंत्र और संविधान की स्थिति सहित विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष देवनारायण सिंह ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की मजबूती के लिए समय-समय पर सत्ता परिवर्तन जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में बने रहने से सत्ताधारी दल के नेताओं में तानाशाही की प्रवृत्ति बढ़ने लगती है, जिसका असर आम जनता के अधिकारों और खुशहाली पर पड़ता है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपने वादों और गारंटी को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के हितों और संप्रभुता से जुड़े मामलों में केंद्र सरकार अपेक्षित मजबूती नहीं दिखा रही है। अमेरिका के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को देश के स्वाभिमान और स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से अपना पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता की आकांक्षाओं और अधिकारों को सर्वाेच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। बैठक में केंद्र सरकार की नीतियों और उसके कामकाज को लेकर भी चर्चा हुई। इस मौके पर सर्वानंद चौबे, महंगू यादव, लालजी, रामाधार, अंतू चौबे आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< वाराणसी : संरक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 रेलकर्मी सम्मानित, डीआरएम ने दिया एक्सीलेंस अवार्ड
जखनियां : एलआईसी अभिकर्ताओं की लगी कार्यशाला, बीमा और पेंशन योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक >>