वाराणसी : संरक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 रेलकर्मी सम्मानित, डीआरएम ने दिया एक्सीलेंस अवार्ड

वाराणसी। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में संरक्षा, सुरक्षा और राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 रेलकर्मियों को शुक्रवार को एक्सीलेंस अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंडल कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभागार में आयोजित समारोह में सितंबर माह के लिए चयनित रेलकर्मियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में गाजीपुर सिटी, गाजीपुर घाट और औड़िहार में तैनात रेलकर्मी भी शामिल हैं। समारोह को संबोधित करते हुए डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि रेलवे में संरक्षा के उच्च मानकों को लगातार बनाए रखना बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों का संरक्षित परिचालन भारतीय रेल की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसमें प्रत्येक रेलकर्मी की भूमिका महत्वपूर्ण है। कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और टीम भावना से काम करने के कारण वाराणसी मंडल ने संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पिछले एक वर्ष के दौरान मंडल में कोई रेल दुर्घटना नहीं होने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अच्छे कार्यों को पहचान देना और उनका प्रचार-प्रसार करना जरूरी है, ताकि दूसरे कर्मचारियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिले। डीआरएम ने सभी रेलकर्मियों से भविष्य में भी सतर्कता, तत्परता और पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से मंडल में संरक्षा और सुरक्षा के मानकों को और मजबूत बनाया जा सकेगा। सम्मानित होने वालों में वाराणसी मंडल कार्यालय के वरिष्ठ लेखाकार अभिषेक पटेल, गाजीपुर सिटी के वाणिज्य लिपिक सह टिकट परीक्षक बालकृष्ण, प्रयागराज रामबाग के विद्युत फिटर दिनेश कुमार अस्थाना, गोरखपुर पूर्व क्रू लॉबी के वरिष्ठ लोको पायलट आलोक नाथ शर्मा, इंजीनियरिंग विभाग के संविदा गेटमैन रामेन्द्र कुर्मी, सीवान के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक संजय कुमार, गाजीपुर घाट के स्टेशन मास्टर अनुराग सिंह यादव, उन्नौला के स्टेशन मास्टर राज कुमार, सुरेमनपुर के टेक्नीशियन प्रथम भभूती यादव, औड़िहार की रेलवे सुरक्षा बल की साधना सिंह और औड़िहार के टेक्निीशियन (कर्षण) भानु प्रताप शामिल रहे। इस मौके पर एडीआरएम अशोक कुमार वर्मा और अजय सिंह सहित वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पांडेय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनुभव पाठक, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी पंकज चुघ आदि रहे।

