सादात : मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने जाना अस्पताल और थाने का कामकाज, महिला सुरक्षा, अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी





सादात। मिशन शक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को सरदरपुर के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय की कक्षा छह, सात और आठ की छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्राओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व स्थानीय थाने का दौरा कर वहां की कार्यप्रणाली को करीब से जाना। अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं की जानकारी मिली तो थाने में महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। भ्रमण के पहले चरण में छात्राएं सीएचसी सादात पहुंचीं। यहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज कुमार सिंह और डॉ. यशवंत गौतम ने अस्पताल की दैनिक कार्यप्रणाली, आपातकालीन सेवाओं और बुनियादी चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को किस प्रकार चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं और आपात स्थिति में किस तरह उपचार की व्यवस्था की जाती है। इसके बाद छात्राओं ने सादात थाने का भ्रमण किया। थानाध्यक्ष तारावती देवी ने उन्हें महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को किसी भी तरह के उत्पीड़न या अन्याय की स्थिति में चुप न रहने और निडर होकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने के प्रति जागरूक किया। इस शैक्षणिक भ्रमण में शिक्षक गिरीश चंद्र यादव, नीलिमा देवी, शैलेंद्र प्रताप यादव, ओमप्रकाश राजभर आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : शिक्षाविद् डॉ. जीएस लाल के निधन से शिक्षा जगत में शोक, तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया था शिक्षक श्री सम्मान से सम्मानित
सैदपुर : डीएलएड के बैक पेपर में 395 प्रशिक्षु रहे अनुपस्थित, विज्ञान में सबसे ज्यादा रहे गैरहाजिर >>