अनौनी : शारदीय नवरात्रि के छठें दिन मां कात्यायनी की आराधना कर भक्तों ने मांगी सुख-समृद्धि, देवी मंदिरों और पंडालों में उमड़े श्रद्धालु





अनौनी। शारदीय नवरात्र के छठवें दिन शुक्रवार को क्षेत्र में मां दुर्गा के छठवें स्वरूप मां कात्यायनी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने कतारबद्ध होकर मां के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की। मंदिरों में गूंजते घंट-घड़ियाल और मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। क्षेत्र के अनौनी, पोखरा, मौधा, खानपुर, जमीन संदल, भीमापार, औड़िहार और करमपुर सहित विभिन्न स्थानों पर स्थित दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में विशेष पूजन-अर्चन किया गया। मंदिरों में मां कात्यायनी का फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया। संगीतमय आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने मां की स्तुति की और श्रद्धापूर्वक शीश नवाया। कई स्थानों पर यज्ञ-हवन का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने आहुतियां देकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। दिन चढ़ने के साथ ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ती गई। देर शाम तक दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहा। नवरात्र को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। इस मौके पर उमेश राजभर, बबलू विश्वकर्मा, मनोज विश्वकर्मा, विवेक द्विवेदी, अनिल गोंड, सुभाष यादव, बच्चा पांडेय, मोनू पाल आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : कौव्वालियों की महफिल के साथ हुआ मंजूर शाह बाबा के उर्स मेले का समापन, चादरपोशी कर मांगी अमन-चैन की दुआ
सैदपुर : शिक्षाविद् डॉ. जीएस लाल के निधन से शिक्षा जगत में शोक, तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया था शिक्षक श्री सम्मान से सम्मानित >>