अनौनी : कौव्वालियों की महफिल के साथ हुआ मंजूर शाह बाबा के उर्स मेले का समापन, चादरपोशी कर मांगी अमन-चैन की दुआ

अनौनी। क्षेत्र के बहेरी स्थित साई की तकिया के हजरत शाह मंजूर आलम साहब की दरगाह पर आयोजित दो दिवसीय उर्स मेले का समापन बुधवार की रात कौव्वालियों की महफिल के साथ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंदों और क्षेत्रीय लोगों ने दरगाह पर पहुंचकर चादरपोशी की और बाबा की मजार पर दुआ मांगी। कव्वालियों की गूंज से देर रात तक माहौल रूहानी बना रहा। उर्स मेले में कानपुर, जौनपुर, अजमेर शरीफ और दिल्ली से आए कौव्वालों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। रातभर कौव्वालियों का दौर चलता रहा और श्रोताओं ने देर रात तक सूफियाना कलाम का आनंद लिया। दरगाह पर जायरीनों की आवाजाही बनी रही। लोगों ने बाबा की मजार पर मत्था टेककर अमन-चैन, खुशहाली और आपसी सद्भाव की दुआ की। आयोजक मासूम अली खां ने बताया कि मंजूर शाह बाबा की याद में प्रत्येक वर्ष उर्स मेले का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह मेला हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इसमें दूर-दराज से विभिन्न समुदायों के लोग शामिल होकर मिल-जुलकर आयोजन का हिस्सा बनते हैं। इससे पूर्व आयोजक ने बाहर से आए कव्वालों और अकीदतमंदों का स्वागत किया। इस मौके पर संरक्षक ठाकुर राम गोपाल सिंह, मुशर्रफ अली चिश्ती, उस्मान आलम चिश्ती, राकेश कुमार सिंह, सरकार अली खां आदि रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा मय फोर्स तैनात रहे।

