अनौनी : गोबर और जैविक कचरे से खाद बना आत्मनिर्भरता की राह चल रही महिलाएं, दो महीने में तैयार होती है पोषक तत्वों से भरपूर वर्मी कंपोस्ट

अनौनी। घरों से निकलने वाला गोबर और जैविक कचरा, जिसे अक्सर बेकार समझकर फेंक दिया जाता है, अब महिलाओं की कमाई का जरिया बन रहा है। क्षेत्र के गोपालपुर गांव के दाढ़ीबाड़ी मौजे में दुर्गा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं वर्मी कंपोस्ट तैयार कर स्वरोजगार की मिसाल पेश कर रही हैं। समूह की अध्यक्ष रीना यादव की पहल पर महिलाएं जैविक कचरे का उपयोग कर न केवल अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं, बल्कि स्वच्छता और जैविक खेती को भी बढ़ावा दे रही हैं। समूह की महिलाएं गोबर के साथ सूखी पत्तियां, फलों के छिलके और रसोई से निकलने वाले अन्य जैविक कचरे का इस्तेमाल कर खाद तैयार करती हैं। करीब 60 दिनों की प्रक्रिया के बाद यह कचरा पोषक तत्वों से भरपूर जैविक खाद में बदल जाता है। महिलाओं के अनुसार, इस खाद में नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने में सहायक होते हैं। इससे खेतों में जैविक खाद के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के साथ रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिल सकती है। महिलाएं घरों के पास ईंटों से बनाए गए घेरे में वर्मी कंपोस्ट तैयार करती हैं। एक बार में करीब पांच क्विंटल खाद तैयार हो जाती है। रेखा देवी, पूजा, रीना, रंजू देवी और सोनी समेत समूह की महिलाएं रोजाना तीन से चार घंटे श्रमदान कर इस काम को आगे बढ़ा रही हैं। समूह से दो दर्जन से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं, जो मिलकर इस पहल को सफल बनाने में जुटी हुई हैं। गोबर और जैविक कचरे से तैयार खाद की बिक्री से महिलाओं को आमदनी हो रही है। समूह की सदस्यों के मुताबिक, इससे परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिल रही है। साथ ही पशुपालन से निकलने वाले गोबर का बेहतर इस्तेमाल हो रहा है और जैविक कचरे को उपयोगी संसाधन में बदला जा रहा है। समूह की अध्यक्ष रीना यादव का कहना है कि महिलाओं को गांव में ही रोजगार के अवसर और उचित मंच मिल जाए तो वे परिवार की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उनके लिए वर्मी कंपोस्ट तैयार करना केवल खाद बनाने का काम नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से मजबूत बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दुर्गा स्वयं सहायता समूह की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में महिला स्वरोजगार, कचरा प्रबंधन और जैविक खेती को एक साथ बढ़ावा देने का उदाहरण बन रही है। महिलाओं की मेहनत से बेकार समझा जाने वाला गोबर अब उपयोगी खाद के साथ आमदनी का साधन भी बन गया है।

