अनौनी : लंबे अरसे से बंद चल रहा झाड़ियों से घिरा सुलभ शौचालय, रखरखाव के नाम पर हर माह खर्च का दावा, जांच कराकर खर्च का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग

अनौनी। ग्रामीणों को स्वच्छता की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया सुलभ शौचालय पांच साल बाद भी इस्तेमाल के इंतजार में है। क्षेत्र के तेतारपुर में जुलाई 2021 में निर्माण पूरा होने के बाद से शौचालय नियमित रूप से चालू नहीं हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक ओर शौचालय बदहाली का शिकार है, वहीं दूसरी ओर उसके रखरखाव के नाम पर ग्राम पंचायत निधि से हर माह धनराशि खर्च की जा रही है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय तक पहुंचने के लिए रास्ते की समुचित व्यवस्था नहीं है। परिसर के चारों तरफ जंगली घास उग आई है और वहां कब्जे जैसी स्थिति बनी हुई है। अंदर गंदगी फैली है, जबकि परिसर में लगा नलकूप भी टूट-फूट की हालत में है। ऐसे में ग्रामीणों के इस्तेमाल के लिए बनाया गया सार्वजनिक शौचालय खुद बदहाली की तस्वीर बनकर रह गया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण पूरा होने के बाद से शौचालय का नियमित संचालन नहीं हुआ। इसके बावजूद रखरखाव के नाम पर लगातार खर्च होने की बात सामने आ रही है। उनका सवाल है कि जब शौचालय का उपयोग ही नहीं हो रहा है तो उसके रखरखाव पर खर्च की जा रही धनराशि का इस्तेमाल कहां हो रहा है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और संबंधित सचिव की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से मौके पर जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि स्थलीय निरीक्षण के जरिए शौचालय की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। साथ ही इसे उपयोग के योग्य बनाकर चालू कराया जाए और रखरखाव के नाम पर खर्च हुई धनराशि का विवरण सार्वजनिक किया जाए। इस मौके पर सैयालाल, जोगेंद्र, छांगुर, नवीन, अमित, कृष्णा, किशन, शिवम, लोकेश, धीरज, यादवेश आदि रहे।

