सैदपुर : बाइक लेकर बंद फाटक के अंदर घुसा चालक, विरोध करने पर गेटमैन को मारने की धमकी दे हुआ फरार, आरपीएफ ने दर्ज किया मुकदमा

सैदपुर। सैदपुर भितरी रेलवे स्टेशन के सम्पार संख्या 4बी पर शुक्रवार की सुबह फाटक बंद करते समय एक बाइक सवार पर गेटमैन से गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। गेटमैन की तहरीर के आधार पर औड़िहार आरपीएफ ने बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरपीएफ औड़िहार के एएसआई राकेश सिंह ने बताया कि गेटमैन ब्रजराज यादव की ड्यूटी शुक्रवार सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक थी। आज सुबह करीब 9रू21 बजे सैदपुर के ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर ने उन्हें मालगाड़ी को पास कराने के लिए रेलवे फाटक बंद करने का निर्देश दिया। गेटमैन फाटक बंद कर रहे थे, तभी दक्षिण दिशा की ओर से बाइक सवार फाटक के अंदर प्रवेश कर गया। गेटमैन ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि चालक ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह बाइक लेकर सैदपुर बाजार की ओर फरार हो गया। इधर घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ औड़िहार के प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह और एएसआई राकेश कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गेटमैन की तहरीर के आधार पर रेलवे अधिनियम की धारा 147, 145 और 146 के तहत आरपीएफ ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश में रावल, सैदपुर और तरांव की ओर जानकारी जुटाई गई, लेकिन तत्काल उसका पता नहीं चल सका। आरपीएफ ने मुखबिरों को भी सक्रिय किया है। इसके अलावा गेटमैन की ओर से सैदपुर कोतवाली में भी मुकदमा दर्ज कराने के लिए लिखित तहरीर दी है।

