सैदपुर : टहलने निकले वृद्ध की ट्रेन के धक्के से हुई मौत, कान से कम सुनाई देना बना मौत की वजह, परिजनों का बुरा हाल





सैदपुर। नगर के तरवनियाँ में बंगला बाबा मंदिर के पास शुक्रवार को तड़के औड़िहार-गाजीपुर रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान वार्ड 13 नई सड़क निवासी रमेश विश्वकर्मा पुत्र स्व. फौजदार लाल के रूप में हुई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। परिजनों ने बताया कि रमेश विश्वकर्मा रोज की तरह शुक्रवार को तड़के टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान वह घर के पीछे बंगला बाबा मंदिर के पास से गुजर रही रेलवे लाइन की ओर पहुंच गए। वहां से गुजर रही ट्रेन से धक्का लगने से उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि रमेश को कम सुनाई देता था। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन आने की आवाज सुनाई नहीं देने के कारण वह उसकी चपेट में आ गए। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। रमेश की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक रमेश विश्वकर्मा के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। उनके छोटे पुत्र श्रेयांश की अभी शादी नहीं हुई है। पिता की अचानक मौत से पत्नी प्रमिला देवी और पुत्रों सौरभ व श्रेयांश सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : प्रदेश स्तरीय कुश्ती के फ्री-स्टाइल वर्ग में पटखनी देकर विशाल ने जीता स्वर्ण पदक, रोशन किया क्षेत्र का नाम
सैदपुर : बाइक लेकर बंद फाटक के अंदर घुसा चालक, विरोध करने पर गेटमैन को मारने की धमकी दे हुआ फरार, आरपीएफ ने दर्ज किया मुकदमा >>