अनौनी : प्रदेश स्तरीय कुश्ती के फ्री-स्टाइल वर्ग में पटखनी देकर विशाल ने जीता स्वर्ण पदक, रोशन किया क्षेत्र का नाम





अनौनी। मीरजापुर के भिरखुरी पहाड़ी स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में खानपुर क्षेत्र के पहलवान विशाल यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 79 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग के फाइनल मुकाबले में विशाल ने मीरजापुर के पहलवान प्रशांत को पटखनी देकर खिताब पर कब्जा जमाया। उनकी जीत से स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया। 13 से 15 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में विशाल ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने अपने दांव-पेच से प्रतिद्वंद्वी प्रशांत को दबाव में रखा और मौका मिलते ही उन्हें चित कर दिया। निर्णायक मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद विशाल को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। विशाल की इस उपलब्धिपर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर कुश्ती कोच सिकंदर, अदालत यादव, ध्रुव सिंह, विपुल चौबे, विनय पांडेय, शुभम पांडेय, छांगुर सिंह आदि ने बधाई देते हुए कहा कि विशाल की उपलब्धि से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को कुश्ती में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : चंदौली छोर पर जींस, शर्ट, चप्पल, दवाएं और अन्य सामान मिलने से किसी के गंगा में कूदने की आशंका
सैदपुर : टहलने निकले वृद्ध की ट्रेन के धक्के से हुई मौत, कान से कम सुनाई देना बना मौत की वजह, परिजनों का बुरा हाल >>