सैदपुर : चंदौली छोर पर जींस, शर्ट, चप्पल, दवाएं और अन्य सामान मिलने से किसी के गंगा में कूदने की आशंका





सैदपुर। गंगा पुल के चंदौली छोर पर बुधवार की देर शाम रेलिंग पर कपड़े और काफी मात्रा में अन्य सामान रखा मिलने से हड़कंप मच गया। किसी व्यक्ति के कपड़े उतारकर इस तरह सामान छोड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने सामान को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। साथ ही किसी व्यक्ति के गंगा नदी में कूदने की आशंका को देखते हुए नदी में तलाश भी कराई जाने लगी। पुलिस को पुल की रेलिंग पर स्लेटी रंग की जींस, आसमानी रंग की शर्ट, एक टी-शर्ट, लाल रंग की हवाई चप्पल और बेल्ट समेत कई सामान मिले। इसके अलावा डिब्बे में सिरप, आई ड्रॉप, कमर दर्द से राहत देने के लिए इस्तेमाल होने वाला पट्टा, सूखी सेवई का पैकेट और गुलाब की पैक पंखुड़ियां भी रखी हुई थीं। रेलिंग पर कपड़ों और अन्य सामान को जिस तरह छोड़ा गया था, उससे मौके पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। सामान मिलने के बाद पुलिस इस आशंका को लेकर सतर्क हो गई कि कहीं कोई व्यक्ति गंगा नदी में तो नहीं कूद गया। इसके बाद नदी में तलाश शुरू कराई गई। मौके पर पहुंची संबंधित चौकी की पुलिस सामान के आधार पर मामले की जानकारी जुटाने में लगी रही। देर शाम तक घटना को लेकर लोगों में कौतूहल बना रहा। हालांकि, रेलिंग पर सामान किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी। इस बाबत बलुआ एसओ ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : दिल्ली से आ रही सुहेलदेव एक्सप्रेस पर पथराव करने के मामले में जीआरपी ने दर्ज किया मुकदमा, बदमाश की तलाश में जुटी
अनौनी : प्रदेश स्तरीय कुश्ती के फ्री-स्टाइल वर्ग में पटखनी देकर विशाल ने जीता स्वर्ण पदक, रोशन किया क्षेत्र का नाम >>