सैदपुर : ककरहीं में मना विहिप का 62वां स्थापना दिवस, सामाजिक समरसता पर दिया गया जोर





सैदपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार की रात ककरहीं स्थित मां काली मंदिर परिसर में विश्व हिंदू परिषद का 62वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में परिषद के गठन, उद्देश्य और सामाजिक भूमिका पर चर्चा करते हुए हिंदू समाज में एकजुटता, सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया गया। इसके पूर्व शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण, विश्व हिंदू परिषद के शलाका पुरुष स्व. अशोक सिंघल और आरएसएस के द्वितीय सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद एकात्मकता मंत्र का पाठ किया गया। वक्ताओं ने बताया कि हिंदू धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण और उन्नयन के उद्देश्य से 29 अगस्त 1964 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की गई थी। इसी क्रम में प्रत्येक वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। बतौर मुख्य वक्ता जिला मंत्री राजकिशन जायसवाल ने कहा कि समाज की सांस्कृतिक चेतना को मजबूत बनाए रखने के लिए संगठन के साथ-साथ सामाजिक समरसता और एकात्म भाव आवश्यक है। उन्होंने विहिप के विभिन्न आयामों और प्रकल्पों की जानकारी देते हुए बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी और एकल अभियान की सामाजिक भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने धार्मिक पहचान और सामाजिक सौहार्द से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर लोगों को जागरूक एवं सतर्क रहने का आह्वान किया। साथ ही जाति, वर्ग, व्यवसाय और वैचारिक मतभेदों से ऊपर उठकर आपसी एकजुटता तथा सामाजिक समरसता को जीवन-मूल्य के रूप में अपनाने की अपील की। इस दौरान जिला मंत्री ने आगामी 27 सितंबर को स्व अशोक सिंघल की 100वीं जयंती पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की और वर्षभर आयोजित होने वाले शताब्दी समारोहों में सहभागिता का आह्वान किया।इस मौके पर ग्राम प्रशासक गोविंद यादव, बजरंग दल के जिला संयोजक मोहित मिश्रा, विहिप के नगर अध्यक्ष कौशल श्रीहरि, एकल अभियान के अंचल अध्यक्ष लालजी यादव, ब्रिजेश पांडेय, अनुपम पांडेय, किशन पांडेय, अमन पांडेय, अमरनाथ मिश्रा, चंदन शर्मा, अजय यादव, तेजमोहन पांडेय आदि मौजूद रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : शिक्षक दिवस पर सादात में समाजवादी शिक्षक सभा ने स्कूल पर किया जागरूकता कार्यक्रम
देवकली : नंदगंज में होगा प्रमुख नागरिक संगोष्ठी का आयोजन >>