सैदपुर : डहरा कलां के जीबी इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षक दिवस की धूम, शिक्षकों के सम्मान में बच्चों ने संभाली विद्यालय की जिम्मेदारी, उपहार दे किया सम्मानित





सैदपुर। क्षेत्र के डहरा कलां स्थित जीबी इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षक दिवस हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सौम्य प्रकाश बरनवाल एवं निदेशिका प्रियंका बरनवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर तथा भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं तिलक लगाकर स्वागत किया। शिक्षक दिवस के अवसर पर बच्चों ने शिक्षकों के प्रति अपने सम्मान को अनूठे अंदाज में व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं अनुशासन व्यवस्था की जिम्मेदारी स्वयं संभाली और शिक्षकों को नियमित कार्यों से दूर रखते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मान का अनुभव कराया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं। इसके बाद आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। विद्यालय के प्रबंधक सौम्य प्रकाश बरनवाल ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन और निर्देशन में ही बच्चे अपने व्यक्तित्व एवं भविष्य को बेहतर दिशा दे पाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। विद्यालय की निदेशिका प्रियंका बरनवाल ने कहा कि शिक्षकों को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थी विद्यालय के साथ-साथ अपने परिवार और देश का नाम भी रोशन कर सकते हैं। वहीं प्रधानाचार्य शशीन्द्र शर्मा ने सभी छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर शिक्षकों ने विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर उपप्रधानाचार्य किशन पांडेय आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< कैथी : भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री बनने पर कृष्ण सुदामा ग्रुप के चेयरमैन डॉ. विजय यादव को समर्थकों ने किया सम्मानित
सैदपुर : शिक्षक दिवस पर सादात में समाजवादी शिक्षक सभा ने स्कूल पर किया जागरूकता कार्यक्रम >>