बिरनो : चारा काटने सीवान में गए पशुपालक पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत के परिजनों का बुरा हाल

बिरनो। थानाक्षेत्र के मीरपुर गुलालसराय में शनिवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव निवासी महेन्द्र राम पशुओं के लिए घास काटने के लिए घर से करीब 300 मीटर दूर सीवान में गए थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी दौरान करीब तीन बजे एक ग्रामीण ने उन्हें खेत में अचेत अवस्था में पड़ा देखा और इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां महेन्द्र राम की मौत हो चुकी थी। वो आकाशीय बिजली की चपेट में आए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महेन्द्र राम अपने पीछे पत्नी दुईजी देवी सहित तीन पुत्र छोड़ गए हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

