रेवतीपुर : गांव के सीवान तक पहुंचे बाढ़ के पानी में उतराया मिला युवक का शव, नहीं हो सकी शिनाख्त

रेवतीपुर। थानाक्षेत्र के हसनपुरा गांव के सीवान में शनिवार को बाढ़ के पानी में करीब 39 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि सीवान में फैले बाढ़ के पानी में एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। मृतक ने जींस पैंट और टी-शर्ट पहन रखी थी। आशंका है कि शव काफी समय से पानी में पड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकी शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। जिसके बाद शव को मर्चरी में रखवाया गया है। थाना प्रभारी राजू दिवाकर ने बताया कि अज्ञात शव मिला है, शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

