देवकली : कभी जहां हुआ करता था सम्राट स्कंदगुप्त का साम्राज्य, अब ऐसे ऐतिहासिक स्थल तक पहुंचने को वहां एक निर्बाध रास्ता तक नहीं, लोग बेहाल





देवकली। क्षेत्र के ऐतिहासिक स्थल भितरी बाजार में जल निकासी की समुचित व्यवस्था और नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य मार्ग पर बहता रहता है, जिससे लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कीचड़युक्त पानी के कारण दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना रहता है। कई बार राहगीरों और महिलाओं के कपड़ों पर गंदे पानी के छींटे पड़ने से भी असहज स्थिति पैदा हो जाती है। जलभराव के कारण मार्ग पर दुर्गंध बनी रहती है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका रहती है। बता दें कि भितरी में सम्राट स्कंदगुप्त की ऐतिहासिक लाट और पुरातात्विक खुदाई स्थल को देखने के लिए दूर-दराज से पर्यटक भी पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति से पर्यटकों को भी असुविधा होती है, जिससे क्षेत्र की छवि प्रभावित हो रही है। क्षेत्र निवासी अदनान खां, कमाल अहमद, निहालुद्दीन, वाहिद, डॉ. बुधिराज प्रसाद, माता प्रसाद, पूर्व प्रधान बाबर आदि ने नाली की सफाई कराने और गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या के समाधान के लिए सांसद, विधायक और संबंधित अधिकारियों का ध्यान कई बार आकृष्ट कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< करंडा : गंगा की भयानक बाढ़ से पीड़ितों में राहत सामग्री का हुआ वितरण, स्कूल में पीड़ितों को बांटी गई राहत किट
रेवतीपुर : गांव के सीवान तक पहुंचे बाढ़ के पानी में उतराया मिला युवक का शव, नहीं हो सकी शिनाख्त >>