सादात : बीआरसी में शिक्षक दिवस पर हुए कार्यक्रम, शिक्षकों ने सुना मुख्यमंत्री का संबोधन

सादात। स्थानीय ब्लॉक संसाधन केंद्र पर शनिवार को शिक्षक दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा और उनके विचार सुने। बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र राय ने शिक्षकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए शिक्षकों से अपने कर्तव्यों और दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। इस मौके पर यूटा जिलाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह, संतोष सिंह, कुंदन सिंह, जगत नारायण सिंह, रमेश राय, ऋचा पाठक, स्मिता, अभिषेक सिंह, पीयूष सिंह, आशीष, राजन आदि रहे।

