बहरियाबाद : रायपुर के लालसा इंटरनेशनल स्कूल में बेहद हर्षाेल्लास से मना शिक्षक दिवस, शिक्षक-शिष्य के बीच दिखा सम्मान व स्नेह का भाव

बहरियाबाद। क्षेत्र के रायपुर स्थित लालसा इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षाेल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। जहां बच्चों ने अपनी कक्षाओं को आकर्षक ढंग से सजाकर शिक्षकों का स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने स्वयं बनाए ग्रीटिंग कार्ड, शुभकामना संदेश और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान कार्यक्रम में 12वीं तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में शिक्षक-शिष्य के बीच सम्मान, विश्वास और स्नेह का भाव देखने को मिला। इस दौरान लालसा शिक्षण संस्थान के चेयरमैन व लालसा इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक अजय यादव ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह विद्यार्थियों के चरित्र, सोच और सपनों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता और सभी शिक्षकों का सदैव सम्मान करने तथा उनके दिए संस्कारों एवं मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य सुनीता सिंह ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के चरित्र और भविष्य के निर्माता होते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और योगदान की सराहना की। चेयरमैन अजय यादव ने लालसा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सभी शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के समर्पण से तैयार होने वाली पीढ़ी ही समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत आधार प्रदान करेगी। कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के प्रति सम्मान, आभार और कृतज्ञता के भाव के साथ हुआ।





