मोहम्मदाबाद : मोटर पार्ट्स व नाश्ते की दुकान पर गिरा जर्जर हो चुका हाईटेंशन करंटयुक्त तार, लाखों का सामान जला, अच्छी किस्मत ने बचा ली कई जानें





मोहम्मदाबाद। थानाक्षेत्र के यूसुफपुर रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार की देर रात ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का जर्जर हाईटेंशन तार अचानक टूटकर मोटर पार्ट्स व नाश्ते की दुकान पर गिर गया। तार गिरने के बाद दुकानों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हादसे में दोनों दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। वहीं इसे संयोग अच्छा कहें या लोगों की अच्छी किस्मत कि घटना के समय दुकानें बंद हो चुकी थी। अन्यथा विभाग की लापरवाही के चलते कई जिंदगियां एक झटके में खत्म हो सकती थीं। क्षेत्र के ईचौली गांव निवासी विनोद कुमार राम रोज की तरह बीती रात भी अपनी मोटर पार्ट्स की दुकान बंद कर घर चले गए। उनके बगल में ही चाय आदि बेचने वाले बरेजपुर निवासी रामरज बिंद भी दुकान बंद कर घर चले गए थे। इस बीच दुकानों के ऊपर से गुजर रहा जर्जर हो चुका हाईटेंशन तार अचानक टूटकर दुकान पर गिर गया। तार टूटने के समय उसमें करंट उतर रहा था और टूटने के बावजूद तत्काल ट्रिप न होने के चलते दुकान में आग लग गई। जिससे दुकान में रखे लाखों कीमत के 20-22 नए टायर, करीब 40 अधिक ट्यूब, ऑटो पार्ट्स, सिलेंडर, गैस वेल्डिंग मशीन, कंप्रेसर मशीन सहित लाखों कीमत के अन्य छोटे-बड़े सामान जल गए। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित मौके पर पहुंचे। इसके बाद आग से हुए नुकसान को देखकर उन्होंने बिजली विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। साथ ही ऑनलाइन माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय को भी सूचना भेजकर आर्थिक सहायता की मांग की है। वहीं लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि अगर ये तार दिन में टूटा होता तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती थी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< खानपुर : साई की तकिया स्थित उमा पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, प्रीति व अंजना को मिला सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान, बच्चों ने पेश किए कार्यक्रम
बहरियाबाद : रायपुर के लालसा इंटरनेशनल स्कूल में बेहद हर्षाेल्लास से मना शिक्षक दिवस, शिक्षक-शिष्य के बीच दिखा सम्मान व स्नेह का भाव >>