खानपुर : साई की तकिया स्थित उमा पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, प्रीति व अंजना को मिला सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान, बच्चों ने पेश किए कार्यक्रम

खानपुर। खानपुर में बेलहरी क्षेत्र के साई की तकिया स्थित उमा पब्लिक स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस उत्साह, उमंग और आत्मीयता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के प्रति अपने सम्मान और कृतज्ञता को विभिन्न गतिविधियों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से व्यक्त किया। समारोह में कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने स्कूल में पूरे दिन शिक्षकों की भूमिकाएं निभाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया। शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक खेलों में भाग लिया और आयोजन का आनंद लिया। इसके अलावा विद्यार्थियों की ओर से शिक्षकों को कई रोचक टास्क दिए गए, जिन्हें शिक्षकों ने अपने-अपने अंदाज में पूरा किया। इससे कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा हो गया था। कार्यक्रम के दौरान सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान की भी घोषणा की गई। इस दौरान स्कूल द्वारा तय किए गए विभिन्न मानकों पर पूरे वर्ष खरी उतरने वालीं प्रीति बरनवाल व अंजना जायसवाल को बेस्ट टीचर का अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता वर्मा ने दोनों शिक्षिकाओं को ये सम्मान देकर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वो आगे भी अपनी जिम्मेदारियों व कर्तव्यों का इसी प्रकार निर्वहन करती रहेंगी। इसके अलावा समारोह में विद्यालय के शिक्षकों ने भी अपने-अपने स्कूल के दिनों को याद किया और उन शिक्षकों के बारे में अपने अनुभव साझा किए, जिन्होंने उनके जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान शिक्षक-शिष्य संबंधों के महत्व और जीवन में शिक्षकों के योगदान पर भावपूर्ण चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक अतुल सिंह ने सभी शिक्षकों को उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं विद्यालय के चेयरमैन रामगोपाल सिंह ने सभी शिक्षकों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

