करंडा : गंगा की विनाशकारी लहरों के आगे थमा सर्च ऑपरेशन, नाबालिग बहनों के न मिलने से 72 घंटे बाद लौटी पीएसी





करंडा। थानाक्षेत्र के चोचकपुर स्थित मौनी बाबा घाट पर मंगलवार को गंगा में डूबी सगी बहनों माही सिंह और महिमा सिंह की तलाश 72 घंटे बाद भी किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी। गंगा में आई भयानक बाढ़, तेज धारा और विनाशकारी लहरों ने रेस्क्यू टीम के सामने ऐसी चुनौती खड़ी कर दी कि लगातार तीन दिनों तक अभियान चलाने के बाद पीएसी के जवानों को वापस लौटना पड़ा। दोनों बहनों का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की उम्मीदें भी कमजोर पड़ती जा रही हैं। हादसे के बाद से पीएसी, पुलिस, राजस्व कर्मियों और स्थानीय गोताखोरों की टीमें लगातार गंगा में संभावित बहाव वाले इलाकों में तलाश करती रहीं। कई किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन बाढ़ के कारण गंगा का तेज और अनियंत्रित बहाव तथा उठती खतरनाक लहरें तलाशी अभियान में लगातार बड़ी बाधा बनी रहीं। पानी की भयावह स्थिति के बीच लंबे समय तक नदी में उतरकर तलाश करना भी बेहद जोखिम भरा रहा। तमाम प्रयासों के बावजूद दोनों बहनों का पता नहीं चल सका। 72 घंटे तक लगातार अभियान चलाने के बाद पीएसी की टीम वापस लौट गई। टीम के लौटने के बाद मौनी बाबा घाट, जहां हादसे के बाद से लोगों की भीड़ और परिजनों की बेचौनी दिखाई दे रही थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है। परिजन अभी भी दोनों बहनों के सकुशल मिलने की आखिरी उम्मीद लगाए बैठे हैं। माही और महिमा के भाई किशन सिंह ने बताया कि घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। उनकी मां बबीता सिंह की तबीयत भी खराब हो गई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेटियों का कोई पता नहीं चलने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। इधर, गंगा के बढ़ते जलस्तर और खतरनाक बहाव को देखते हुए प्रशासन ने मौनी बाबा घाट पर बैरिकेडिंग कर लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। आसपास के घाटों पर भी पुलिस निगरानी कर रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि बाढ़ के दौरान गंगा के तेज बहाव को देखते हुए नदी में स्नान करने या घाट के किनारे जाने का जोखिम न उठाएं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : डाक बंगले में एमएलसी ने जनता दरबार लगा लोगों की सुनीं समस्याएं, गंगा व गोमती की बाढ़ से राहत व बचाव कार्यों को लेकर दिया निर्देश
जमानियां : अपने दादा का अंतिम संस्कार करने आए युवक को गंगा की विनाशकारी लहरों ने निगला, तलाश जारी >>