सैदपुर : डाक बंगले में एमएलसी ने जनता दरबार लगा लोगों की सुनीं समस्याएं, गंगा व गोमती की बाढ़ से राहत व बचाव कार्यों को लेकर दिया निर्देश





सैदपुर। गंगा और गोमती के तेजी से बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर शुक्रवार को नगर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में एलएसी विशाल सिंह चंचल ने जनता दरबार लगाने के साथ ही बाढ़ को लेकर चर्चा की। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया के साथ बैठक कर प्रभावित इलाकों में प्रशासन की तैयारियों और अब तक किए गए राहत कार्यों की जानकारी ली। एमएलसी ने अधिकारियों से प्रभावित गांवों में भोजन, पेयजल, राहत सामग्री, स्वास्थ्य सेवाओं, पशुओं के चारे और आवागमन की व्यवस्थाओं की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों की टीमें लगातार सक्रिय रहें और प्रभावित क्षेत्रों में चौबीसों घंटे निगरानी बनाए रखें। किसी भी स्थान से आपात स्थिति की सूचना मिलने पर बिना देरी किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने को कहा। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी विषम परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। जिन स्थानों पर अतिरिक्त सहायता की जरूरत है, वहां तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एमएलसी ने राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लेने की बात कहते हुए अधिकारियों से संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करने का आह्वान किया। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी बाढ़ सहित जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एमएलसी के सामने रखीं। एमएलसी ने समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया और प्राथमिकता के आधार पर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर पूर्व विधायक भोनू राम सोनकर, ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव, कोतवाल रामसजन नागर, खानपुर एसओ राजीव पांडेय, भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री रामतेज पांडेय, अनूप जायसवाल, विजय यादव, अखिलेश कुशवाहा आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : भारी बारिश के चलते रेलवे का अतिक्रमण हटाओ अभियान टला, अब सितंबर के अंतिम सप्ताह में होगी कार्रवाई
करंडा : गंगा की विनाशकारी लहरों के आगे थमा सर्च ऑपरेशन, नाबालिग बहनों के न मिलने से 72 घंटे बाद लौटी पीएसी >>