सादात : एएनएम के द्वितीय वर्ष की प्रशिक्षुओं को दी भावभीनी विदाई, नर्सिंग को बताया गया पवित्र पेशा

सादात। क्षेत्र के आतमपुर छपरा स्थित बाबा गजाधर दास नर्सिंग कॉलेज में बुधवार को एएनएम द्वितीय वर्ष की छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों और जूनियर छात्राओं ने सीनियर छात्राओं को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज प्रबंधन ने छात्राओं के अनुशासित व्यवहार और पूरे शैक्षणिक सफर के दौरान उनके प्रदर्शन की सराहना की। प्रबंधक डॉ. पीयूष यादव ने छात्राओं को चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग एक पवित्र पेशा है, जिसमें सेवा भावना का विशेष महत्व है। उन्होंने छात्राओं से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग जरूरतमंदों की सेवा के लिए करने का आह्वान किया। विदाई समारोह के दौरान जूनियर छात्राओं ने अपनी सीनियर सहपाठियों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत-संगीत और अन्य प्रस्तुतियों से समारोह का माहौल खुशनुमा हो गया। इस दौरान सीनियर छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और कॉलेज से जुड़ी यादों को भावुक होकर याद किया। अंत में कॉलेज प्रबंधन की ओर से विदा हो रही सभी छात्राओं को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर कार्यालय अधीक्षक मन्नू यादव, सर्वजीत यादव, पन्ना राय, पूजा यादव, फ्रीजा शेख, प्रतिमा आदि रहे।

