मुहम्मदाबाद : बाढ़ की आशंका के बीच स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सेमरा-शेरपुर में पहुंचीं मेडिकल टीमें, 583 मरीजों का हुआ उपचार





मुहम्मदाबाद। गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी और चिकित्सा सेवाएं तेज कर दी हैं। सीएचसी की मेडिकल टीमों ने अधीक्षक डॉ. आशीष राय के नेतृत्व में सेमरा, शेरपुर समेत संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों की जांच और उपचार किया। इस दौरान लोगों को आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान होने वाली मौसमी बीमारियों, बुखार, सर्दी-जुकाम, त्वचा संबंधी संक्रमण समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के उपाय बताए। लोगों को स्वच्छ पानी पीने, आसपास साफ-सफाई रखने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया गया। बाढ़ की स्थिति में ग्रामीणों को समय से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो मोबाइल मेडिकल टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही हैं, जबकि तीन स्टेटिक टीमें तैनात हैं। ये टीमें ग्रामीणों की जांच और उपचार के साथ आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही हैं। बीपीएम संजीव कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य टीमों द्वारा गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच की जा रही है, जबकि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को सीएचसी से जोड़ा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें समय से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बताया कि बुधवार को चलाए गए अभियान के दौरान कुल 583 मरीजों का चिकित्सकीय उपचार किया गया। बाढ़ की संभावित चुनौती के बीच स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ी है। इस मौके पर डॉ. असगर अली, फार्मासिस्ट जितेंद्र यादव, वैभव कुमार, राजकुमार, एएनएम अर्चना बाला, सुनीता, सरोज, आशा संगिनी निर्मला राय, नंदनी राय, आशा पूनम आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : पथरी के ऑपरेशन के बाद युवक की मौत, आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रखकर तीन घंटे किया चक्काजाम, अस्पताल सील करने की मांग
सिधौना : नेपाल आपदा पर दुआ के लिए उठे हाथ, पीड़ित परिवारों के प्रति जताई गई संवेदना >>