जखनियां : पथरी के ऑपरेशन के बाद युवक की मौत, आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रखकर तीन घंटे किया चक्काजाम, अस्पताल सील करने की मांग





जखनियां। क्षेत्र के धनरावती हॉस्पिटल में पित्त की थैली में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक युवक की हालत बिगड़ने और उपचार के दौरान मौत हो जाने से बुधवार को हंगामा हो गया। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल के सामने शव रखकर भुड़कुड़ा-जखनियां मार्ग पर करीब तीन घंटे तक जाम लगा दिया। तेज बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी सड़क पर डटे रहे और मामले की जांच के साथ अस्पताल को सीज करने की मांग करते रहे। क्षेत्र के वृंदावन तियारा गांव निवासी राकेश यादव की पित्त की थैली में पथरी का ऑपरेशन धनरावती हॉस्पिटल में हुआ था। ऑपरेशन के दौरान रक्तस्राव नहीं रुकने पर उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद मंगलवार को उन्हें आजमगढ़ स्थित रमा हॉस्पिटल भेजा गया। वहां उपचार के दौरान बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजन शव लेकर धनरावती हॉस्पिटल पहुंचे। शव देखते ही वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल परिसर में जुट गए। इस दौरान अस्पताल में पूछताछ को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ हुई और चिकित्सक डॉ. नंदलाल के साथ मारपीट की स्थिति पैदा हो गई। चिकित्सक अस्पताल के दूसरे कक्ष में जाकर किसी तरह खुद को सुरक्षित किया। वहीं अस्पताल कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच हुई मारपीट में मृतक के गांव के सोनू यादव और सुजीत यादव के हाथ में चोट लगने की बात सामने आई। इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई और लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना मिलते ही भुड़कुड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के सामने शव रखकर भुड़कुड़ा-जखनियां मार्ग जाम कर दिया। तेज बारिश के बीच भी लोग करीब तीन घंटे तक सड़क पर डटे रहे। बाद में उपजिलाधिकारी अतुल कुमार व क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर मामले की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< नंदगंज : धारा-80 में भूमि दर्ज कराने का मामला लंबित, पीड़ित महिला ने राज्यमंत्री से लगाई गुहार, 3 बार आवेदन पर भी कार्यवाही न होने का लगाया आरोप
मुहम्मदाबाद : बाढ़ की आशंका के बीच स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सेमरा-शेरपुर में पहुंचीं मेडिकल टीमें, 583 मरीजों का हुआ उपचार >>