नंदगंज : धारा-80 में भूमि दर्ज कराने का मामला लंबित, पीड़ित महिला ने राज्यमंत्री से लगाई गुहार, 3 बार आवेदन पर भी कार्यवाही न होने का लगाया आरोप





नंदगंज। क्षेत्र के रामपुर बन्तरा गांव में भूमि को राजस्व अभिलेखों में धारा-80 के तहत दर्ज कराने का मामला लंबित होने का आरोप लगाते हुए बरहपुर निवासिनी कांति देवी पत्नी राजनाथ गुप्ता ने राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल से शिकायत की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की है। कांति देवी ने बताया कि रामपुर बन्तरा गांव स्थित एक जमीन की अपने नाम पर रजिस्ट्री कराई है। बताया कि भूमि को नियमानुसार धारा-80 के तहत दर्ज कराने के लिए उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया था। उनका कहना है कि निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्होंने दोबारा और फिर तीसरी बार भी ऑनलाइन आवेदन किया, लेकिन अभी तक उनके प्रकरण का निस्तारण नहीं हो सका है। शिकायतकर्ता का कहना है कि कई महीने बीत जाने के बाद भी आवेदन लंबित है। मामले की जानकारी और समाधान के लिए वह संबंधित तहसील व कार्यालयों में कई बार संपर्क कर चुकी हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे उन्हें राजस्व संबंधी कार्य पूरा कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांति देवी ने राज्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में अनुरोध किया है कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर प्रकरण की जांच कराई जाए और यदि आवेदन पर कार्रवाई में किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो उसकी जानकारी प्राप्त करते हुए नियमानुसार लंबित मामले का शीघ्र निस्तारण कराया जाए। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि राजस्व संबंधी मामलों के समयबद्ध निस्तारण से लोगों को बार-बार तहसील और संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है। उन्होंने प्रशासन से लंबित मामलों की नियमित निगरानी करते हुए पारदर्शी एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : गंगा की बाढ़ के बीच स्वास्थ्य विभाग की पहल, एसडीएम के निरीक्षण के बाद पटना में मेडिकल कैंप लगा ग्रामीणों को बांटी गई दवाएं
जखनियां : पथरी के ऑपरेशन के बाद युवक की मौत, आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रखकर तीन घंटे किया चक्काजाम, अस्पताल सील करने की मांग >>