सैदपुर : गंगा की बाढ़ के बीच स्वास्थ्य विभाग की पहल, एसडीएम के निरीक्षण के बाद पटना में मेडिकल कैंप लगा ग्रामीणों को बांटी गई दवाएं





सैदपुर। गंगा में बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति के बीच प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पटना में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेडिकल कैंप लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की और जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण किया। मंगलवार को एसडीएम ज्योति चौरसिया ने पटना का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति और ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों के स्वास्थ्य को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। एसडीएम के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और कैंप लगाकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। बाढ़ के बीच गांव में पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों और संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया। लोगों को स्वच्छ पानी का इस्तेमाल करने, आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया। मेडिकल कैंप में चिकित्साधिकारी डॉ. बीके राय ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान सीएचओ प्रीति, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक चंद्रशेखर व सुरेंद्र कुमार ने स्थानीय आशा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाढ़ की संभावित चुनौतियों के बीच ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए टीमें क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी। गांव में कैंप लगाकर जांच और दवा वितरण किए जाने से बाढ़ के बीच ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर उपचार और जरूरी दवाओं की सुविधा मिल सकी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : लावारिस शवों के अंतिम संस्कार करने वाले समाजसेवी ने डीएम से लगाई गुहार, पीएम हाउस तक शव वाहन पहुंचने में होने वाली बताई समस्या
नंदगंज : धारा-80 में भूमि दर्ज कराने का मामला लंबित, पीड़ित महिला ने राज्यमंत्री से लगाई गुहार, 3 बार आवेदन पर भी कार्यवाही न होने का लगाया आरोप >>