जखनियां : आगामी जन्माष्टमी को लेकर सीओ ने किया पैदल फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का दिलाया भरोसा

जखनियां। आगामी जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पैदल फ्लैग मार्च किया। पुलिस टीम ने जखनियां बाजार, भुड़कुड़ा और बुढ़ानपुर के प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों से अनावश्यक भीड़ न लगाने और सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इस दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया वाहनों की जांच भी की। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की हिदायत दी गई। पुलिस की जांच के दौरान कुछ देर के लिए बाजार में हलचल का माहौल रहा। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराने की अपील की गई।

