गहमर : डीएम और एसपी ने गंगा की बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण, बचाव व राहत कार्य को लेकर दिए निर्देश

गहमर। गंगा के तेजी से बढ़ते जलस्तर के बीच जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और राहत-बचाव व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। बुधवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से क्षेत्र के नरवर घाट सहित आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलस्तर की वर्तमान स्थिति, आवागमन के साधनों तथा स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राहत और बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे सतर्क निगरानी रखी जाए, ताकि जलस्तर में अचानक वृद्धि होने की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। आमजन की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा डीएम ने संभावित आपात स्थिति को देखते हुए बचाव दलों और नाव चालकों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाई जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय ग्रामीणों एवं नागरिकों से भी संवाद किया। उन्होंने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने, प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा जलभराव या किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा प्रशासनिक कंट्रोल रूम को देने की अपील की। जिला प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

