गहमर : ट्रिपल मर्डर कांड के 10 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई, मां-बेटे सहित 10 के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज

गहमर। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई करते हुए गहमर के ट्रिपल मर्डर कांड के मामले में गैंगलीडर अमित सिंह समेत 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। इन लोगों के विरुद्ध आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले में पूर्व से कार्रवाई चल रहे थे। बीते वर्ष दिसंबर माह में पार्टी कर घर लौट रहे गहमर निवासी विक्की सिंह, अंकित सिंह व सौरभ सिंह की नृंशसंता की सभी हदों को पार करते हुए हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गैंगस्टर एक्ट में निरूद्ध 10 में से 6 आरोपी जेल में हैं और 4 को जमानत मिल चुकी है। पुलिस ने बताया कि संबंधित गिरोह का पंजीकरण पहले ही किया जा चुका था। गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध थाने में दर्ज एक आपराधिक मामले में जांच के बाद आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है। पुलिस द्वारा गिरोह के आपराधिक रिकॉर्ड और मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गैंग चार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट के अनुमोदन के लिए भेजा गया था। जिला मजिस्ट्रेट से गैंग चार्ट को स्वीकृति मिलने के बाद कोतवाल नंद कुमार तिवारी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस मामले में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम-1986 की धारा 2(ख)(1) और 3(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल ने बताया कि गैंग में नामजद आरोपियों में गैंगलीडर अमित सिंह सहित अमन सिंह, अंजनी सिंह, अभिषेक सिंह उर्फ करिया, अमरजीत सिंह, अरविन्द सिंह उर्फ भदाकू, कृपेंद्र शंकर सिंह उर्फ नीरज, लखन सिंह उर्फ विकास, शैलेश सिंह व सीमा सिंह शामिल हैं। बताया कि सभी आरोपी गहमर पट्टी खेलूराय के निवासी हैं।

