देवकली : खेल दिवस पर ग्रामीण स्टेडियम में हुई तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

देवकली। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग गाजीपुर के तत्वावधान में खेल दिवस पर देवकली के बड़हरा स्थित ग्रामीण स्टेडियम में 29 से 31 अगस्त तक तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सिंधुजा यादव की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स के थ्रो इवेंट के साथ ही कबड्डी, वॉलीबॉल और खो-खो प्रतियोगिताएं कराई गईं। तीन दिनों तक चले खेल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच जीत के लिए रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस दौरान कबड्डी प्रतियोगिता में जेवल की टीम ने प्रथम तथा रामपुर की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता में रामपुर की टीम विजेता रही, जबकि पचारा की टीम उपविजेता बनी। खो-खो प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें रामपुर की टीम ने प्रथम तथा मांझा की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के समापन पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सिंधुजा यादव ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। तीन दिवसीय खेल आयोजन में खिलाड़ियों के उत्साह और शानदार प्रदर्शन ने ग्रामीण स्टेडियम को खेल प्रतिभाओं के रंग में रंग दिया।

