खानपुर : हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर जिला स्तरीय सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन, करमपुर ने 6-0 से गाजीपुर को दी मात

खानपुर। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस पर शुक्रवार को मेघबरन सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय सब जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबलों से सजी इस प्रतियोगिता में करमपुर ए की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में गाजीपुर को 6-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन ओलंपियन एवं एशियन चैंपियन हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल ने किया। प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न टीमों के युवा खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में भुजहुआं ने करमपुर बी को 5-3 से पराजित किया। दूसरे मैच में गाजीपुर बी ने सादात को 1-0 से हराया। तीसरे मुकाबले में गाजीपुर ने भुजहुआं को 1-0 से शिकस्त दी, जबकि चौथे मैच में करमपुर ए ने गाजीपुर बी को 2-0 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं फाइनल मुकाबले में करमपुर ए की टीम ने शुरुआत से ही शानदार और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने लगातार गोल करते हुए गाजीपुर को 6-0 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। करमपुर के खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल और खेल कौशल ने दर्शकों का भी भरपूर उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, आरएसएस के प्रांत संपर्क प्रमुख अजीत, विभाग कार्यवाह नागेंद्र, जिला प्रचारक गौरव, विजय सिंह, रामलाल प्रजापति आदि रहे। आभार अनिकेत सिंह ने ज्ञापित किया।

