खानपुर : जनपदीय हॉकी प्रतियोगिता में चुनी गई मंडलीय टीम, उचौरी के 3 खिलाड़ियों का हुआ चयन, हर्ष का माहौल

खानपुर/बहरियाबाद। माध्यमिक विद्यालयों के बालक-बालिकाओं की जनपदीय हॉकी प्रतियोगिता क्षेत्र के अठगांवा स्थित श्री किरतू राय इंटर कॉलेज स्टेडियम में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी गाजीपुर की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान प्रतियोगिता में अंडर-14 बालक वर्ग से 16, अंडर-17 बालक वर्ग से 12 और अंडर-19 बालक वर्ग से सात खिलाड़ियों का चयन हुआ। वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग से पांच, अंडर-17 बालिका वर्ग से सात और अंडर-19 बालिका वर्ग से एक खिलाड़ी ने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अखिलेश यादव, राजेश यादव और अजय यादव ने निभाई। शारीरिक शिक्षक अखिलेश यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में उचौरी के केदार नारायण कृषक इंटर कॉलेज के तीन खिलाड़ी अनुज यादव, पंकज पासवान और राज यादव का भी मंडल स्तरीय टीम के लिए चयन हुआ है। तीनों खिलाड़ियों के चयन पर प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह, अमरेंद्र प्रताप सिंह, अजय सिंह, त्रिभुवन सहाय, प्रदीप सिंह, अखिलेश यादव आदि ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सुनील सिंह, विनोद कुमार, जयप्रकाश यादव, अनिल यादव आदि रहे। आभार आयोजक एवं प्रधानाचार्य देवेंद्र चौहान ने ज्ञापित किया।

