सैदपुर : गैबीपुर के गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, पांच खिलाड़ियों का हुआ चयन

सैदपुर। क्षेत्र के गैबीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी परिसर में माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालयीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उचौरी के केदार नारायण कृषक इंटर कॉलेज के संयोजन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन उप प्रधानाचार्य अमरेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे जूडो खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर पांच खिलाड़ियों का आगामी प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। चयनित खिलाड़ियों में ईशोपुर के रामकरन इंटर कॉलेज के साहिल यादव का अंडर-19 के 60 किग्रा भार वर्ग में, विनय चौहान का अंडर-17 के 51 किग्रा, आर्यन यादव का अंडर-17 के 55 किग्रा तथा कार्तिक विश्वकर्मा का अंडर-14 के 43 किग्रा भार वर्ग में चयन हुआ। वहीं नंदगंज के शहीद स्मारक इंटर कॉलेज के सुशील कुमार का अंडर-17 के 45 किग्रा भार वर्ग में चयन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को जूडो की तकनीक, अनुशासन और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक, निर्णायक मंडल, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और अतिथियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर शारीरिक शिक्षक अखिलेश यादव, जूडो कोच रामाशीष यादव, राजेश यादव, रुद्रपाल यादव, गौरव सिंह, अच्छेलाल पाल, बृजेश यादव, अजय यादव आदि रहे। प्रतियोगिता का संयोजन प्रधानाचार्य राजेश सिंह ने किया।


