सैदपुर : गैबीपुर के गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में जिले का माध्यमिक शिक्षा विभाग कराएगा जिला विद्यालयीय जूडो प्रतियोगिता, 24 अगस्त को होगा आयोजन





सैदपुर। जिले के माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जिला विद्यालयीय जूडो बालक-बालिका प्रतियोगिता का आयोजन 24 अगस्त को गैबीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी परिसर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रबंधक अमित कुमार सिंह ने प्रतियोगिता के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एकेडमी में विद्यालयी खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के संयोजक केदार नारायण कृषक इंटर कॉलेज उचौरी के प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका जूडो खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सफल खिलाड़ियों को जिला जूडो टीम में चयनित होने का अवसर मिलेगा। चयनित खिलाड़ी आगामी मंडलीय विद्यालयी जूडो प्रतियोगिता में गाजीपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। शारीरिक शिक्षक अखिलेश यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, यू-डायस एवं पैन नंबर का विवरण तथा एसजीएफआई पात्रता प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को जूडो किट और आवश्यक खेल उपकरण भी साथ लाने होंगे। उन्होंने जिले के सभी संबंधित विद्यालयों से अपने खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर प्रतियोगिता स्थल पर भेजने की अपील की।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< दुल्लहपुर : अयोध्या में ढाबे से बरामद हुई एक माह से लापता युवती, परिजनों को ही ‘विलेन’ बता ढाबा संचालक से मांगा था काम
सैदपुर : सपा छात्रसभा द्वारा छात्र महासम्मेलन का आयोजन, फीस वृद्धि, छात्रवृत्ति और परीक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा >>