सैदपुर : नागपंचमी पर शिवालयों में गूंजे जयकारे, नागों को चढ़ाया गया लावा व दूध, रंगमहल, महावीर घाट सहित जगह-जगह हुए कुश्ती दंगल





सैदपुर। नागपंचमी के पर्व पर मंगलवार को नगर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से नाग देवता की पूजा-अर्चना की। सुबह से ही घरों की साफ-सफाई के बाद लोग शिव मंदिरों और अन्य देवालयों में पहुंचे। श्रद्धालुओं ने परास के पत्ते पर दूध और लावा चढ़ाकर नाग देवता का पूजन किया और परिवार की सुख-शांति की कामना की। इस दौरान नगर के प्राचीन बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर, रंगमहल मंदिर, गौरीशंकर महादेव, नर्मदेश्वर महादेव सहित अन्य मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ पूरे दिन पर्व का उत्साह नजर आया। वहीं, कई स्थानों पर बच्चों और युवाओं ने पेड़ों पर झूले डालकर नागपंचमी के पारंपरिक उल्लास का आनंद लिया। इसके अलावा नागपंचमी पर रंगमहल मंदिर परिसर में बाबा श्यामदास सेवा समिति की ओर से विराट कुश्ती-दंगल का आयोजन किया गया। दंगल शुरू होने से पहले मंदिर के पुजारी विजय मिश्रा ने हनुमान जी व अखाड़े का विधिवत पूजन कराया। इसके बाद चौकी इंचार्ज मनोज पांडेय ने पहलवानों का हाथ मिलाकर कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान दंगल में गाजीपुर, बेलहरी, सरैया, भीमापार, भुजाडी, कटयां, भद्रसेन, सैदपुर, खरौना, पतरही, देवचंदपुर, रामपुर, कोटिसा, भदैला, खिदिरगंज, छपरा, सिधौना, करमपुर समेत विभिन्न गांवों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाया। पहलवानों ने एक-दूसरे को अपने दांव-पेंच से पछाड़ने की कोशिश की। मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दंगल प्रेमी मौजूद रहे और पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे। इस मौके पर वरिष्ठ पहलवान जोगिंदर, शंकर, अदालत, सुभाष यादव, प्रेम नारायण यादव, हवलदार, पीरू, राजेश, गुल्लू, कमलेश सोनकर आदि रहे।

इसी क्रम में पश्चिम बाजार स्थित महावीर घाट पर बने अखाड़े में महावीर घाट महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ। जिसमें मुहल्ले के नन्हे पहलवानों ने दांव पेंच दिखाए। बारिश के बीच उनकी कलाबाजी देखते ही बन रही थी। इस मौके पर निर्भय पाटिल आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : कैथवलिया में शिव मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना, एक ही रात में चोरी किए पीतल के 6 घंटे, मुकदमा दर्ज
सैदपुर : खेत से घर जाने को निकला 15 वर्षीय किशोर संदिग्ध हाल में लापता, पुल पर मिली साइकिल व बोरी, अपहरण का मुकदमा दर्ज >>