सैदपुर : गैबीपुर के गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के दो खिलाड़ियों ने फिर रोशन किया जिले का नाम, प्रदेश की ताइक्वांडो टीम में हुआ चयन

सैदपुर। आगामी 16 अगस्त से पुणे में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कैडेट अंडर 14 ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए गैबीपुर के गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के दो खिलाड़ियों का चयन प्रदेश की 10 सदस्यीय बालक टीम में हुआ है। यश प्रजापति और आर्यन राजभर के चयन से एकेडमी और क्षेत्र के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। इस दौरान औड़िहार क्षेत्र के चकियां नेवादा गांव निवासी योगेश प्रजापति के पुत्र यश प्रजापति का चयन 37 किग्रा भार वर्ग में हुआ है। वहीं औड़िहार के पकवा इनार निवासी राजेश राजभर के पुत्र आर्यन राजभर को 49 किग्रा भार वर्ग में प्रदेश की टीम में जगह मिली है। गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि दोनों खिलाड़ी कई वर्षों से एकेडमी में ताइक्वांडो का प्रशिक्षण ले रहे हैं। यश प्रजापति इससे पहले भी सब-जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वहीं आर्यन राजभर पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए प्रदेश की टीम में चयनित हुए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ी शुक्रवार सुबह दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से पुणे के लिए रवाना होंगे। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दोनों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। गाजीपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव अब्दुल मलिक खान ने दोनों खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी क्षेत्र में ताइक्वांडो प्रतिभाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एकेडमी के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर गाजीपुर का नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यश और आर्यन पुणे में भी शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल करेंगे। दोनों खिलाड़ियों के चयन पर परिजनों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सहायक ताइक्वांडो प्रशिक्षक विशाल कुमार, बॉक्सिंग कोच जयहिंद यादव, विपुज कुशवाहा, क्रीड़ा भारती गाजीपुर के उपाध्यक्ष डॉ. सचिन सिंह, सहमंत्री जयशंकर यादव, शुभम मिश्रा आदि रहे।

