सिधौना : भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पहुंचे सिधौना, पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर दिया बड़ा बयान, कहा - ‘देशविरोधी ताकतों ने मौखिक बांट लिए थे पद’

सिधौना। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह ‘बबलू’ रविवार को सिधौना के ईशोपुर स्थित रामकरन स्पोर्ट्स एकेडमी पहुंचे। उनके आगमन पर एकेडमी से जुड़े लोगों और खिलाड़ियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने एकेडमी की खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत को सफलता की कुंजी बताया। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और उचित मंच उपलब्ध कराने की। ऐसी खेल एकेडमियां युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पत्रकारों से वार्ता की। पूर्व अध्यक्ष रहे बृजभूषण शरण सिंह को कोर्ट से बरी होने के बाबत कहा कि उन पर आरोप लगाने वाले लोग देशविरोधी ताकतें थीं। कहा कि वो देशविरोधी इसलिए हैं क्योंकि वो ताकतें देखती रहती हैं कि कब हमारे देश के साथ कुछ अच्छा होने वाला है। उन्हें पता था कि भारत में इस बार कुश्ती की तैयारी बेहतरीन है। कहा कि 2024 ओलंपिक ईयर था और इसी वजह से 2023 में उन पर आरोप लगाया गया, ताकि उस वर्ष भारत की कुश्ती परेशान हो सके। कहा कि पीएम मोदी ने भी बयान दिया था कि कुश्ती अच्छे हाथों में है और कुश्ती का विकास हो रहा है। कहा कि इतनी बाधाओं के बावजूद 2024 के ओलंपिक में भारत को मेडल मिला। फिर 2025 में विश्व चैंपियनशिप भारत के पास आया। कहा कि अब कोर्ट से वो बरी हो गए हैं, इससे कुश्ती जगत में हर्ष का माहौल है। कहा कि उन पर आरोप लगने से सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में परेशानी बढ़ी थी। इससे यूडब्ल्यूडब्ल्यू यानी यूनाईटेड वर्ल्ड रेसलिंग से लगायत आईओसी यानी ओलंपिक संघ पर भी असर पड़ा था। लेकिन अब दूध का दूध व पानी का पानी हो गया। कहा कि ये आरोप साजिश के तहत एक परिवार ने लगाया था। उन्होंने आपस में बांट भी लिया था कि हम धरने पर बैठेंगे और अध्यक्ष का तुरंत इस्तीफा होगा। इसके बाद मैं अध्यक्ष बनूंगी, फलां सेक्रेटरी बनेगी, फलां कंपटीशन डायरेक्टर बनेगी, सेलेक्शन कमेटी की चेयरमैन बनेगी। लेकिन उन्हीं पता था कि उनका मुकाबला किससे है। कहा कि बृजभूषण मिट्टी से उठे पहलवान हैं और उन्होंने शुरू से कुश्ती को आगे बढ़ाया। यूपी सरकार द्वारा 10वीं व 12वीं के बच्चों को खेल के लिए 10, 15 व 20 नंबर का वेटेज देने के सवाल पर कहा कि ये तो हम शुरू से मांग करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में कहा कि आज के समय में बालिकाओं की कुश्ती बालकों से कहीं आगे चल रही है और ये सिर्फ भारत नहीं बल्कि पूरी दुनिया में है। कहा कि भारत में जो विश्व चैंपियनशिप आई है, वो भी बालिकाओं की ही आई है, न कि बालकों की। सभी अभिभावकों से अपील किया कि अपने बच्चों को ओलंपिक का टारगेट दीजिए, न कि सिर्फ एक नेशनल मेडल व एक सरकारी नौकरी का। गुजरात के अहमदाबाद में होने वाले आगामी 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों को लेकर कहा इस बार बहुत अच्छी संख्या में मेडल आएंगे। क्योंकि जहां होना है, वो स्टेडियम उसी हिसाब से बना है। यहां से पूरी दुनिया को अच्छा मैसेज जाएगा।

