सैदपुर : ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में सैदपुर निवासी सगे भाई-बहन ने दिखाया कमाल, गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के ऋषि और ऋषिता राय ने जीते कांस्य पदक





सैदपुर। क्षेत्र निवासी सगे भाई-बहन ने एक बार फिर से जिले को गौरवान्वित करने का काम किया है। बीते दिनों हैदराबाद में आयोजित 11वीं ऑल इंडिया पुलिस गेम्स-2026 में गैबीपुर के गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के ताइक्वांडो खिलाड़ी एवं सगे भाई-बहन ऋषि राय और ऋषिता राय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किए। दोनों खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और गाजीपुर के साथ-साथ पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया। तेलंगाना के हैदराबाद स्थित जीएमसी बालयोगी इंडोर स्टेडियम में 24 से 27 जुलाई तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की विभिन्न पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों की टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच गाजीपुर के दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की। इस दौरान पुरुषों के 80 किलोग्राम भार वर्ग में उतरने वाले ऋषि राय ने लीग चरण में केरल पुलिस के खिलाड़ी को पराजित किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में हिमाचल प्रदेश पुलिस के खिलाड़ी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। हालांकि अंतिम चार के मुकाबले में उनका सामना सीआरपीएफ के खिलाड़ी से हुआ, जहां बेहद कांटे की टक्कर में वह कुछ अंकों के अंतर से हार गए। इसके बावजूद सेमीफाइनल तक पहुंचने के आधार पर उन्हें कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। इधर महिलाओं के 57 किलोग्राम भार वर्ग में ऋषिता राय ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने लीग मुकाबले में झारखंड पुलिस तथा क्वार्टर फाइनल में आईटीबीपी की खिलाड़ी को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। लेकिन राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान लगी पैर की चोट प्रतियोगिता से पहले और गंभीर हो गई थी। चोट के बावजूद उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए मुकाबला खेला। हालांकि सेमीफाइनल में वह सीआईएसएफ की खिलाड़ी से हार गईं, लेकिन शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें भी कांस्य पदक मिला। बता दें कि ऋषि राय और ऋषिता राय इससे पहले भी 9वीं ऑल इंडिया पुलिस क्लस्टर गेम्स (गुवाहाटी) और 10वीं ऑल इंडिया पुलिस कलस्टर गेम्स (श्रीनगर) में उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीत चुके हैं। ऋषिता राय वर्ष 2025 के 38वें राष्ट्रीय खेल (उत्तराखंड) में उत्तर प्रदेश के लिए ताइक्वांडो में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा वर्ष 2022 की जूनियर विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप (बुल्गारिया) में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। वहीं, ऋषि राय ने विश्व पुलिस एवं फायर गेम्स, अलबामा (अमेरिका) में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया था। गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य प्रशिक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि ज्ञान भारती हाईस्कूल से अपनी पढ़ाई कर चुके ऋषि राय और ऋषिता राय सैदपुर के पिपनार गांव निवासी अरविंद राय डबलू और रेनू राय की संतान हैं। दोनों सगे भाई-बहन हैं और वर्ष 2016 एवं 2017 से गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनकी प्रतिभा और राष्ट्रीय उपलब्धियों के आधार पर वर्ष 2023 में दोनों का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में स्पोर्ट्स कोटा के तहत हुआ। वर्तमान में ऋषि राय हेड कांस्टेबल तथा ऋषिता राय सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उनके मुख्य प्रशिक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि ऋषि राय पिछले चार वर्षों से 68 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते रहे थे, लेकिन इस बार पहली बार उन्होंने अपना भार बढ़ाकर 80 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लिया। नए और अधिक चुनौतीपूर्ण वर्ग में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर अपनी क्षमता साबित की। उन्होंने बताया कि दूसरी ओर ऋषिता राय पैर की गंभीर चोट के बावजूद पूरे आत्मविश्वास और जुझारूपन के साथ खेलीं, जो उनके मजबूत मानसिक संकल्प को दर्शाता है। श्री सिंह ने विश्वास जताया कि आगामी 12वीं ऑल इंडिया पुलिस फोर्स गेम्स में दोनों खिलाड़ी और बेहतर प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए स्वर्ण पदक जीतेंगे। उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ियों के सैदपुर पहुंचने पर गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जनपद में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : राज्य विश्वविद्यालय की मांग तेज, मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए छात्रों ने सौंपा पत्रक, जनप्रतिनिधियों से मंच से आवाज उठाने की अपील
जखनियां : मंदरा धाम को धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाने के लिए निकलेगी जन जागरण कांवड़ यात्रा, बैठक में बनी रणनीति >>