सैदपुर : करमपुर के दो सपूतों ने रचा इतिहास, दोनों के सहयोग से पाकिस्तान को हराकर भारत बना एशियाई हॉकी चैंपियन

सैदपुर। क्षेत्र के करमपुर गांव के दो होनहार हॉकी खिलाड़ियों रोमित पाल और प्रहलाद राजभर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले के साथ पूरे देश का मान बढ़ाया है। एफआईएच यूथ हॉकी-5एस एशियाई चैंपियनशिप-2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष टीम का हिस्सा रहे दोनों खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई। ओमान की राजधानी मस्कट में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर एशियाई चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में करमपुर के रोमित पाल ने शानदार फील्ड गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट में दूसरा गोल दागा, जबकि शाहरुख अली ने तीसरा गोल कर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एक गोल जरूर किया, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने अंत तक शानदार खेल दिखाते हुए पाकिस्तान की वापसी की हर कोशिश नाकाम कर दी। पूरे टूर्नामेंट में भी करमपुर के दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। बांग्लादेश के खिलाफ भारत की 7-3 की जीत में रोमित पाल ने दो गोल दागे, जबकि प्रहलाद राजभर ने भी एक गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन खेल दिखाकर भारतीय टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही। तेज पासिंग, धारदार आक्रमण और मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर भारत ने सभी मुकाबलों में अपना दबदबा कायम रखा। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय टीम ने पहली बार आयोजित होने वाले एफआईएच यूथ हॉकी-5एस विश्व कप के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया। करमपुर गांव में इस उपलब्धि के बाद उत्सव जैसा माहौल है। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। मेघबरन सिंह स्टेडियम, करमपुर के संरक्षक एवं पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि गांव लौटने पर रोमित पाल और प्रहलाद राजभर का भव्य नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से करमपुर, गाजीपुर, उत्तर प्रदेश और पूरे भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। इस मौके पर कोच इंद्रदेव राजभर, पूजा सिंह, मनोज, ध्रव, दीपक, छांगुर, विपुल चौबे, जोखन पाल, नीलम पाल आदि अनेक खेलप्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

