करंडा : चांड़ीपुर में लाइसेंसी बंदूक से अधेड़ की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बंदूक बरामद

करंडा। थानाक्षेत्र के चांडीपुर गांव में होली पर रंग पड़ने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद में रविवार को दिनदहाड़े हुए हत्याकांड के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर ली है। बीते रविवार की सुबह 55 वर्षीय आस मुहम्मद की गांव निवासी युवक ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना का कारण होली पर रंग पड़ने के चलते विवाद का उपजना बताया जा रहा था। जिसमें रविवार को फिर से दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेलसड़ी के आगे गंगा नदी पुलिया के पास करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी अमन पांडेय पिंकल पुत्र अरविंद पांडेय गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उससे पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक बरामद कर लिया और आरोपी को जेल भेज दिया गया।

