सिधौना : सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में तीसरा विश्वकप जीतते ही उनके गांव हथौड़ा में जमकर मना जश्न, आधी रात तक हुई आतिशबाजी

सिधौना। टी-20 विश्वकप के फाइनल में न्यूजीलैंड को भारत द्वारा 96 रनों से रौंदकर तीसरी बार विश्व विजेता बनने के बाद पूरे देश के साथ ही सिधौना के हथौड़ा में जबरदस्त जश्न का माहौल बन गया। भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के पैतृक गांव हथौड़ा में ग्रामीणों ने उनके घर जाकर उनके परिजनों के साथ देर रात तक जश्न मनाया। रविवार की रात जैसे ही भारत की जीत की खबर मिली, गांव के लोग घरों से निकलकर एकत्र हो गए और आधी रात तक पटाखे फोड़कर व ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का इजहार किया। इसके बाद एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और रंग-गुलाल लगाकर टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया। फाइनल मुकाबले को लेकर गांव में खास उत्साह रहा। बड़ी संख्या में लोग एक स्थान पर एकत्र होकर मैच का सीधा प्रसारण देख रहे थे। मैच के दौरान वहां इतनी भीड़ रही कि खड़े होने तक की जगह नहीं बची। भारत की जीत के साथ ही पूरा माहौल जयकारों और तालियों से गूंज उठा था। ग्रामीणों ने सूर्यकुमार यादव के प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियों से क्षेत्र का नाम देश-विदेश में रोशन हो रहा है। सूर्यकुमार यादव के दादा विक्रमा यादव ने कहा कि सूर्या आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों को गर्व की अनुभूति हो रही है। वहीं उनके चाचा राजकपूर ने बताया कि आईपीएल समाप्त होने के बाद सूर्या काशी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने आ सकते हैं। इधर जीत के बाद सूर्यकुमार यादव के घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। क्षेत्र के लोग लगातार पहुंचकर परिवार को शुभकामनाएं देने में जुट गए।

