सैदपुर : टी-20 विश्वकप में भारत पर अजेय न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार भारत बना विश्व विजेता, नगर में जश्न

सैदपुर। टी-20 विश्वकप का फाइनल मैच भारत व न्यूजीलैंड के बीच रविवार की रात में गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। जिसमें भारत न्यूजीलैंड को हराकर विश्व विजेता बना। इस दौरान फाइनल मैच होने के चलते नगर की सड़कें जहां सूनी हो गई थीं। देररात करीब पौने 11 बजे भारत ने जब न्यूजीलैंड को बुरी तरह से हराकर तीसरी बार विश्व विजेता का खिताब हासिल किया तो पूरे नगर में आतिशबाजियों का दौर शुरू हो गया। साथ ही जगह-जगह नगाड़े बजाते हुए सभी ने जश्न मनाया। ये जश्न इसलिए भी खास था क्योंकि टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव का घर सैदपुर के ही हथौड़ा गांव में है। साथ ही विश्वकप में भारत की न्यूजीलैंड पर ये पहली जीत थी। विश्वकप में अब तक न्यूजीलैंड भारत के खिलाफ अजेय था। बता दें कि रविवार की शाम को भारत व न्यूजीलैंड के बीच विश्वकप का फाइनल मैच शुरू हुआ। जिसमें टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले क्षेत्ररक्षण किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन व ईशान किशन के अर्धशतकों और अभिषेक दुबे की महज एक ओवर की तूफानी पारी की बदौलत भारतीय टीम ने कुल 17 छक्के व 19 चौके लगाते हुए 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 256 रनों का विशालकाय लक्ष्य न्यूजीलैंड को दिया और न्यूजीलैंड को 19 ओवरों में 159 रनों ही समेटकर 96 रनों के विशाल अंतर से हराकर भारतीय टीम ने तीसरी बार टी-20 विश्वकप जीत लिया। देर रात पौने 11 बजे तक मैच देखा। इस दौरान हर छक्के व चौके पर सभी क्रिकेट प्रेमी शोर मचाकर जश्न मना रहे थे। स्थिति ये थी कि सड़क से गुजरने वाले लोग भी रूककर मैच देख रहे थे। इधर देररात में जैसे भी भारत विश्व विजेता बना, नगर में जश्न शुरू हो गया। देररात में ही पूरे नगर में जगह-जगह करीब घण्टे भर आतिशबाजी की गई। वहीं कई जगह उत्साही युवा तासा लेकर तिरंगा लहराते हुए नगर की सड़कों पर खुशी से नाचने लगे। समाजसेवी विनोद प्रजापति के नेतृत्व में युवा तिरंगा लहराकर नाच रहे थे और जश्न मना रहे थे। साथ ही तासे पर नाचते हुए जा रहे थे।

