गाजीपुर : भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग कार्यशाला का समापन, बूथ प्रबंधन से लगायत सोशल मीडिया व एआई पर भी दिया गया प्रशिक्षण

गाजीपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के तहत चल रहे सदर पश्चिमी मंडल के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग कार्यशाला का समापन किया गया। इस दौरान वर्ग की 7वीं व अंतिम कार्यशाला में पूर्व नपा अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को देश के समृद्धि व जनता के कल्याण में सर्वोपरि बताया। कहा कि देश को 2047 तक विकसित करने के लक्ष्य के साथ सरकार काम कर रही है। वहीं बूथ प्रबंधन के सत्र में जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है। कहा कि बूथ प्रबंधन में मतदाता सूची का अध्ययन, नए मतदाताओं से संपर्क तथा प्रत्येक परिवार तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे नियमित रूप से अपने क्षेत्र में जनसंपर्क बनाए रखें और समाज के हर वर्ग के लोगों से संवाद स्थापित करें। इसके अलावा संगठन का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण पर भाजयुमो के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक जायसवाल ने व सोशल मीडिया और एआई पर विनीत शर्मा ने संबोधित किया। इस मौके पर शशिकान्त शर्मा, काशी चौहान, उदय प्रताप सिंह, गोपाल राय, सुरेश बिंद, मनोज बिंद, संजय बिंद, अच्छेलाल गुप्ता, रामजी बलवंत, हजारी लाल वर्मा, सुनीता सिंह, सूर्यशेखर सिंह, सुमन बिंद, विनय प्रकाश, कमलेश गुप्ता, अशोक कुशवाहा आदि रहे। आभार वर्ग प्रमुख मुरली कुशवाहा ने ज्ञापित किया।

