सैदपुर : एमएससी व बीएड की फर्जी डिग्री से टाउन नेशनल इंका में डेढ़ दशक तक रसायन विज्ञान के प्रवक्ता रहे शिवाकांत, मुकदमा दर्ज





सैदपुर। नगर के टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में फर्जी दस्तावेज के आधार पर रसायन विज्ञान का प्रवक्ता बनकर डेढ़ दशक तक नौकरी करने वाले फर्जी गुरूजी के खिलाफ प्रबंधक ने थाने में नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। कॉलेज ने पूर्व में ही उनकी सेवा भी समाप्त कर दी थी। कोतवाली में तहरीर देकर प्रबंधक सनद पांडेय ने बताया कि टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में 29 सितंबर 2007 को वर्तमान में वाराणसी के सारनाथ स्थित मवईयां के मंगलम कॉलोनी में रहने वाले मूलतः वाराणसी के नहिया निवासी शिवाकांत पांडेय पुत्र स्व. रामकृष्ण पांडेय ने रसायन विज्ञान के पद पर प्रवक्ता पद पर कार्यभार ग्रहण किया था। 2022 में आशंका होने पर तत्कालीन प्रधानाचार्य द्वारा शिवाकांत पांडेय के सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया गया। जिस पर गोरखपुर विश्वविद्यालय ने शिवाकांत के एमएससी व बीएड की डिग्री के बाबत जवाब देते हुए बताया कि वर्ष 1996 में एमएससी रसायन विज्ञान विषय के लिए उक्त अनुक्रमांक किसी भी छात्र-छात्रा को आवंटित नहीं किया गया था। जिससे स्पष्ट हुआ कि शिवाकांत एमएससी व बीएड के कूटरचित व फर्जी प्रमाणपत्र बनाकर नौकरी कर रहे थे। प्रबंधक ने बताया कि शिवाकांत की सेवा 29 जून 2022 को ही समाप्त की जा चुकी है। साथ ही इस मामले की जानकारी डीआईओएस को दी गई। बताया कि कई बार नोटिस भेजने के बावजूद शिवाकांत की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद बीते 24 जनवरी को डीआईओएस ने शिवाकांत के खिलाफ फर्जी व कूटरचित दस्तावेज बनाने व धोखा देकर नौकरी करने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस बाबत प्रबंधक सनद पांडेय ने बताया कि शिवाकांत की नियुक्ति वाराणसी के नाटी ईमली स्थित इंटर कॉलेज में थी। वो 2007 में यहां पर स्थानांतरित होकर आए थे। जिसके चलते उनके शैक्षणिक अभिलेखों की बारीकी से जांच नियुक्ति स्थल पर ही होनी थी। बाद में जब संदेह हुआ, तब जाकर यहां भी सत्यापन कराया गया। बताया कि शिवाकांत के हाईस्कूल व इंटर के प्रमाणपत्रों की वैधता जांचने के लिए भी रिपोर्ट मांगी गई थी लेकिन करीब 4 वर्षों तक रिपोर्ट नहीं मिली। बाद में मिली तो हाईस्कूल व इंटर तो सही निकले लेकिन एमएससी व बीएड की डिग्री फर्जी निकली। जिसके बाद मुकदमा दर्ज कराया गया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बिरनो : शवदाह कर घर जा रहे अधेड़ से उचक्कों ने चलती बाइक पर की मोबाइल की उचक्कागिरी, राहगीरों में डर का माहौल
रेवतीपुर : लाखों की लागत से बनी इंटरलॉकिंग सड़क को मनबढ़ ने उखाड़कर किया खराब, पुलिस से शिकायत >>