सादात : ब्लॉक क्षेत्र के 4 स्कूलों का बीएसए ने किया औचक निरीक्षण, खामियां मिलने पर 3 हेडमास्टरों का रोका वेतन, हड़कंप

भीमापार/सादात। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने सोमवार को सादात ब्लॉक के चार विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलने पर 3 प्राथमिक विद्यालयों के हेडमास्टरों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। निरीक्षण के दौरान अन्य विद्यालयों में हड़कंप मच गया। बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय आसपुर, प्राथमिक विद्यालय आतमपुर छपरा, प्राथमिक विद्यालय परसनी तथा मुबारकपुर हरतरा स्थित कंपोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी स्कूलों में पाया गया कि कई शिक्षकों द्वारा शिक्षक संदर्शिका का उपयोग नहीं किया जा रहा था और उनकी शिक्षक डायरी भी अधूरी मिली। वहीं विद्यालयों में पढ़ने आए कुछ बच्चे बिना यूनिफॉर्म के मिले, जिस पर प्रधानाध्यापक से पूछने पर वो संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके अलावा सभी विद्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों के सामानों के रखरखाव और स्टॉक पंजिका को बीएसए ने मांगा तो वो भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने तीनों प्राथमिक विद्यालयों के हेडमास्टरों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। बीएसए की इस कार्यवाही के बाद हड़कंप मच गया है।

